पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बिहार में NDA की नई सरकार का नेतृत्व संभालने के बाद नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री से यह पहली मुलाकात होगी। इसके पूर्व उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा ने भी एक दिन पहले प्रधानमंत्री से भेंट की थी।
शाह, नड्डा और आडवाणी से भी मिल सकते हैं नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान सीएम नीतीश कुमार बिहार के लिए विशेष पैकेज की मांग कर सकते हैं। उनकी बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से भी मुलाकात होने की संभावना है।
इस वजह से खास है सीएम नीतीश की यात्रा
नीतीश कुमार की दिल्ली की यह यात्रा कई मायने में महत्वपूर्ण है। वह प्रधानमंत्री के साथ राजनीतिक परिदृश्य के साथ-साथ बिहार के विकास से जुड़े मुद्दे पर भी बात कर सकते हैं। दो दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में लघु उद्यमी योजना का आरंभ किया है।
इस योजना के तहत बिहार के 94 लाख वैसे परिवार जिनकी आमदनी प्रति माह छह हजार रुपए से कम है को स्वावबलंबन के लिए दो-दो लाख रुपए की राशि उपलब्ध कराएगी। फिलहाल राज्य सरकार अपने बजट से इसके लिए 250 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए हैं। NDA गठबंधन में आने के पहले भी वह इस योजना में केंद्र की मदद की बात कह चुके हैं।
12 फरवरी को बहुमत साबित करने की चुनौती
बिहार में अभी NDA को विधानसभा में अपना बहुमत साबित करना है। बिहार विधानमंडल का बजट सत्र 12 फरवरी से आरंभ होना है। इस सत्र में ही NDA की सरकार को अपना बहुमत साबित करना है। इस बारे में भी मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री के साथ चर्चा संभव है। मुख्यमंत्री गुरुवार को दिल्ली से वापस होंगे।