जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बुधवार को राजस्थान के अजमेर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित तीर्थस्थल पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी अजमेर में एक जनसभा को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज ही देवी अहिल्याबाई होल्कर जी की जन्म जयंती भी है। राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए देश के लोगों को कर्तव्यपथ की दिशा दिखाने के लिए देवी अहिल्या जी को देश हमेशा याद रखेगा। मैं देवी अहिल्याबाई होल्कर जी को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं।
सृष्टि के रचयिता हैं ब्रह्मा जी
उन्होंने कहा, आज मुझे तीर्थराज पुष्कर जाने का सौभाग्य मिला। हमारे शास्त्रों में ब्रह्मा जी को सृष्टि का रचयिता कहा गया है। ब्रह्मा जी के आशीर्वाद से आज भारत में नव निर्माण का दौर चल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के नौ साल भी पूरे हो गए हैं। भाजपा सरकार के ये नौ साल देशवासियों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं।
कांग्रेस को लेकर क्या बोले PM मोदी?
इसी बीच उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 के पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे देश में जनता भ्रष्टाचार के विरुद्ध सड़क पर उतरी हुई थी। कांग्रेस सरकार सीमा पर सड़कें बनाने से भी डरती थी। बड़े-बड़े शहरों में आए दिन आतंकी हमले होते थे। प्रधानमंत्री के ऊपर सुपरपावर थी, कांग्रेस सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ‘गरीबों को भरमाओ, गरीबों को तरसाओ’ वाली नीति रही है। राजस्थान के लोगों ने भी इसका बहुत बड़ा नुकसान उठाया है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का यशगान हो रहा है। दुनिया के बड़े एक्सपर्ट्स ये बोल रहे हैं कि भारत अति गरीबी को समाप्त करने के बहुत निकट है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कांग्रेस ने वीरों के साथ भी हमेशा धोखा किया है। ये कांग्रेस ही है, जो ‘वन रैंक वन पेंशन’ के नाम पर हमारे पूर्व सैनिकों से विश्वासघात करती रही। भाजपा सरकार ने ना सिर्फ वन रैंक वन पेंशन को लागू किया, बल्कि पूर्व सैनिकों को एरियर भी दिया।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में विकास के काम के लिए पैसे की कमी कभी भी नहीं रही है, लेकिन ये बहुत जरूरी होता है कि जो पैसा सरकार भेजे, वो पूरा का पूरा विकास के कार्यों में लगे, लेकिन कांग्रेस ने अपने शासन में देश का खून चूसने वाली ऐसी भ्रष्ट व्यवस्था बना दी थी, जो देश के विकास को खाए जा रही थी।
85 फीसदी कमीशन खाने वाली पार्टी है कांग्रेस
उन्होंने कहा, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी माना था कि कांग्रेस सरकार 100 पैसे भेजती है तो उसमें से 85 पैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। कांग्रेस हर योजना में 85 फीसदी कमीशन खाने वाली पार्टी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब लूट की बात होती है तो कांग्रेस किसी में भेदभाव नहीं करती है। कांग्रेस देश के हर नागरिक को… गरीब, शोषित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, महिला और दिव्यांग सबको समान भाव से लूटती है।
उन्होंने कहा कि देश की हर सफलता के पीछे भारत के लोगों की मेहनत है, भारत के लोगों का पसीना है। ये भारत के लोग ही हैं जिन्होंने महामारी के बाद देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। ये भारत के लोग ही हैं, जिनकी वजह से आज दुनिया कह रही है कि ये दशक भारत का दशक है, ये सदी भारत की सदी है।