नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर भाजपा का हाथ थाम लिया है, जिसके बाद राजनीति में भारी हलचल देखने को मिल रही है। एक तरह राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रही है, तो वहीं दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन कमजोर होती नजर आ रही है। अब तक बंगाल और पंजाब में ही विपक्षी INDI गठबंधन कमजोर नजर आ रहा था, लेकिन अब बिहार में इसकी ताकत कम हो गई है।
प्रमोद कृष्णम ने किया कटाक्ष
इसी बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि कांग्रेस किसी को रोकने की कोशिश नहीं करती, जिसे जाना हो जाओ, कांग्रेस एक महान पार्टी है। दरअसल, आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, “INDI गठबंधन जब से बना तभी से ये गंभीर बीमारियों से ग्रस्त है। शुरुआत से ही इसमें तरह-तरह के वायरस आ गए, फिर ये आईसीयू में चला गया और अंत में वेंटिलेटर पर था। फिर कल नीतीश कुमार ने इसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। अब INDIA गठबंधन का क्या होगा?”
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी की नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर भी तंज कसते हुए इसे “राजनीतिक पर्यटन” कहा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी में कुछ बहुत महान और बुद्धिमान नेता हैं। जहां एक तरफ सभी राजनीतिक पार्टियां 2024 चुनाव के लिए कमर कस रही हैं, तो वहीं दूसरी तरफ पूरी कांग्रेस पार्टी पॉलिटिकल टूरिज्म कर रही है।
दरअसल, हम 2024 के बाद पता लगा पाएंगे कि 2024 का चुनाव कैसे जीता जाए। ऐसा लगता है कि हम 2029 के चुनाव के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। अगर हम 2024 की तैयारी कर रहे होते तो ऐसा नहीं होता”