भोपाल। आज मध्य प्रदेश के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी शासन के 20 साल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। इस रिपोर्ट कार्ड का नाम गरीब कल्याण महाअभियान है। रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए अमित शाह ने कहा कि हमने एक बीमारू राज्य को 20 सालों में विकसित राज्य में तब्दील करने का पूरा प्रयास किया। 53 सालों तक कांग्रेस की सत्ता होने के दौरान मप्र को बीमारू राज्य का टैग मिल गया था।
आत्मनिर्भर मप्र की रखी नींव
गरीब कल्याण महाअभियान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, ‘भाजपा सरकार ने एक बीमारू राज्य को 20 में विकसित राज्य बनाने का पूरा प्रयास किया। आत्मनिर्भर राज्य की नींव इतने सालों में रखी गई।
शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश का गठन 1956 में हुआ, तब से 2003 तक कांग्रेस की सरकार राज्य में रही। इन 53 सालों में कांग्रेस के नेतृत्व में इसे एक बीमारू राज्य का टैग मिल गया था। शाह ने अमृतकाल महोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य आने वाले समय में बेमिसाल साबित होगा। हर क्षेत्र में एमपी आगे बढ़ रहा है।’
प्रदेश में विकास के कीर्तिमान गढ़े
मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक समय था जब यह राज्य बीमारू कहा जाता था। डबल इंजन की सरकार ने विकास के कीर्तिमान गढ़े हैं। शिवराज ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में 2014 से मध्य प्रदेश के विकास को गति मिली है।
बता दें कि पीएम मोदी ने आजादी के अमृत काल में 2047 तक देश को गौरवशाली वैभवशाली बनाने का संकल्प लिया है। इसे पूरा करने में मप्र महत्वपूर्ण योगदान करेगा।
सीएम शिवराज ने कहा कि सिंचाई के क्षेत्र में मप्र में चमत्कार हुआ है। दोगुनी गति से एमपी प्रगति कर रहा है। पीएम ने सहयोग में कोई कसर नहीं छोड़ी। महिला सशक्तिकरण में अभूतपूर्व काम हुआ । कांग्रेस ने मप्र को बीमारू राज्य का तमग़ा दिया था। यह शब्द राजीव गांधी ने दिया था।