नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आज 14 जनवरी से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की शुरुआत होने वाली है। पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर के थौबल जिला से इस यात्रा की शुरुआत होगी। थौबल जिले के खोंगजोम इलाके के एक मैदान में इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी 6000 किलोमीटर से ज्यादा का सफर करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। राहुल गांधी 60 से 70 यात्रियों के साथ पैदल और बस से सफर करेंगे। हालांकि, पहले यह राजधानी इंफाल से शुरू होने वाली थी, लेकिन बाद में इसमें बदलाव किया गया।
‘काउंटडाउन शुरू’ कांग्रेस की ओर से पोस्ट करते हुए मैदान पर तैयार किए गए मंच की तस्वीर साझा की गई है। कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक वीडियो शेयर किया गया है। इसके कैप्शन में लिखा है, “आ रहे हैं… न्याय का हक लेने।”
Countdown begins… ⏱️#BharatJodoNyayYatra 🇮🇳 pic.twitter.com/wc70Do2YlA
— Congress (@INCIndia) January 14, 2024
जयराम रमेश ने कहा, “भारत जोड़ो न्याय यात्रा भारतीय राजनीति के लिए एक परिवर्तनकारी क्षण है। भारत जोड़ो यात्रा से हमारे संगठन में एक नई उमंग और एकजुटता दिखाई दी थी। उसी को आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी जी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकालने का निर्णय लिया था, जो आज मणिपुर से शुरु हो रही है।
वहीं, राहुल गांधी की विशेष इंडिगो फ्लाइट दिल्ली से रवाना हो चुकी है। फ्लाइट में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे औरक जयराम रमेश समेत कई वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद हैं। इस दौरान पार्टी नेता ‘न्याय का हक मिलने तक’ और ‘सहो मत डरो मत’ जैसे नारे लगाते नजर आए हैं।