नई दिल्ली। देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आज सड़कों पर उतरी। कांग्रेस ने देशव्यापी प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम सांसदों ने भी हिस्सा लिया। कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन से विजय चौक तक मार्च निकाला। कांग्रेस पीएम आवास का घेराव करना चाहते थे लेकिन सफल नहीं हुए और हियासत में ले लिए गए। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गईं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। वहीं राहुल गांधी समेत कई अन्य नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
पीएम आवास तक जाकर महंगाई दिखाना चाहते हैं
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, केंद्र सरकार को लगता है कि विपक्ष में जो भी है उनको दबा सकते हैं। उनको लगता है कि अपनी फौज दिखाने के बाद हम समझौता करे लेंगे। इनके मंत्री कहते हैं कि महंगाई नहीं है। हम प्रधानमंत्री आवास तक जाकर महंगाई दिखाना चाहते हैं।
जगदंबिका पाल का निशाना
भाजपा सांसद व पूर्व कांग्रेसी रहे जगदंबिका पाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ड्रामा कर रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस अगर महंगाई पर गंभीर होते तो सदन में 7 घंटे की चर्चा में राहुल गांधी बोलते। महंगाई पर बोलना तो छोड़िए उन्होंने वित्त मंत्री के जवाब तक का बहिष्कार किया। महंगाई तो बहाना, ED निशाना है।
किंग्सवे कैंप लाए गए राहुल गांधी
राहुल गांधी समेत कांग्रेस के अन्य सांसदों को किंग्सवे कैंप थाना लाया गया। बता दें कि कांग्रेस कई राज्यों में महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली में पुलिस लाइंस किंग्सवे कैंप में मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश और रंजीत रंजन सहित कांग्रेस सांसद को हिरासत में रखा गया।
अपनी बात रखने से रोका जा रहा है
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि जिस तरीके से सरकार काम कर रही है, सैकड़ों बार हमारे सांसदों को हिरासत में लिया जा रहा है, अपनी बात रखने से रोका जा रहा है ये अलोकतांत्रिक है। सरकार मंहगाई और बेरोजगारी पर चर्चा नहीं करना चाहती है।
बैरिकेड्स पर कूदते हुए दिखीं प्रियंका
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ पार्टी के विरोध के दौरान AICC के पास लगाए गए पुलिस बैरिकेड्स पर कूदते हुईं देखी गईं। बाद में कांग्रेस के विरोध के दौरान उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
