नई दिल्ली। देश को आज अपना 15वां राष्ट्रपति मिल जाएगा। 18 जुलाई को हुए मतदान के नतीजे आज घोषित हो जाएंगे। संसद भवन में वोटों की गिनती शुरू हो गई है। चुनाव खत्म होने के बाद सभी राज्यों से बैलेट बॉक्स को दिल्ली मंगाया गया था। एनडीए की तरफ से द्रौपदी मुर्मू तो विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा रायसीना हिल्स की रेस में हैं।
अगर द्रौपदी मुर्मू ये चुनाव जीतती हैं तो वह पहली आदिवासी महिला होंगी जो राष्ट्रपति बनेंगी। मुर्मू का पलड़ा भारी है और उनका राष्ट्रपति चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। कई राज्यों में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में हुई क्रास वोटिंग से भी उनकी जीत पक्की मानी जा रही है। मौजूदा राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण 25 जुलाई को होगा।
द्रौपदी मुर्मू के भाई तारिणी सेन ने कहा कि गांव में खुशी का माहौल है क्योंकि हमें उम्मीद है कि द्रौपदी मुर्मू भारत की अगली राष्ट्रपति बनेंगी। यह आदिवासी समुदाय, ओडिशा और देश के लिए गर्व की बात है।
संसद में हुई 99.18 प्रतिशत वोटिंग
राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद में 99.18 प्रतिशत वोटिंग हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में संसद में मतदान करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा अनुमति दिए गए 736 मतदाताओं (727 सांसदों, 9 विधायकों) में से 730 (721 सांसद, 9 विधायकों) ने मतदान किया। वोटों की गिनती संसद भवन के कमरा नंबर 63 में होगी। आज दोपहर तीन बजे तक नतीजे घोषित होंगे।
जीत के लिए कितने मत की जरूरत
राष्ट्रपति चुनाव में जीत का आंकड़ा 5,43,216 है। द्रौपदी मुर्मू के पास 5,33,751 वोट होने का दावा किया जा रहा है। यशवंत सिन्हा के खाते में 3,60,362 वोट जाने की उम्मीद है। ऐसे में मुर्मू की जीत तय है।