दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने देश में बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। स्पेशल सेल की टीम ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में संयुक्त कार्रवाई करते हुए आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें छह आरोपियों को तमिलनाडु और दो को पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया। सभी को कड़ी सुरक्षा में दिल्ली लाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार संदिग्ध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेश स्थित आतंकी संगठनों के इशारे पर देश में आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे। आरोप है कि ये लोग सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठनों के पक्ष में सामग्री साझा कर रहे थे और युवाओं को भड़काने की कोशिश कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपियों को उथुकुली, तीन को पल्लदम और एक को थिरुमुरुगनपूंडी इलाके से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी आधार कार्ड के जरिए अपनी पहचान छिपाकर गारमेंट इंडस्ट्री में काम कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान उनके पास से आठ मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने कई शहरों की रेकी भी की थी और दिल्ली में “फ्री कश्मीर” के पोस्टर लगाने में उनकी संलिप्तता हो सकती है।
सभी आरोपियों को ट्रेन के माध्यम से दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि साजिश का असली मकसद क्या था और किन-किन इलाकों को निशाना बनाने की योजना थी। सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए देशभर में अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आगे की पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।