मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म लेखक, कवि और गीतकार जावेद अख्तर अपने बेबाक अंदाज के लिए काफी जाने जाते हैं। जावेद अख्तर ने शुक्रवार को मुंबई में एक कार्यक्रम में हिंदू संस्कृति की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत में लोकतंत्र का अस्तित्व हिंदुओं के कारण है।
हिंदू ऐसे नहीं हैं
जावेद अख्तर ने कहा कि कुछ लोग हैं जो हमेशा असहिष्णु रहे हैं। हिंदू ऐसे नहीं हैं। उनकी खासियत यह है कि वे उदार और बड़े दिल वाले हैं। उनकी इस प्रवृत्ति को खत्म करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए वरना ये भी दूसरों जैसे हो जाएंगे। ये हिंदू संस्कृति और सभ्यता है जिसने हमें लोकतांत्रिक दृष्टिकोण सिखाया है।
देश में लोकतंत्र है
उन्होंने आगे कहा कि इस संस्कृति और सभ्यता के कारण ही इस देश में लोकतंत्र है। यह सोचना कि हम सही हैं और बाकी सभी गलत हैं यह हिंदुओं का काम नहीं है। जावेद अख्तर जब ये बात कह रहे थे उनके कभी जोड़ीदार रहे सलीम खान सामने बैठे थे। इन दोनों की जोड़ी ने पिछली सदी में कई सुपरहिट फिल्मों की पटकथाएं लिखी हैं। कार्यक्रम में अभिनेता रितेश देशमुख भी मौजूद रहे।
इसके अलावा हाल ही में दिवाली के मद्देनजर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे की तरफ से एक दीपोत्सव कार्यक्रम रखा गया, जिसमें मौजूद रहे जावेद अख्तर ने भगवान राम और मां सीता को लेकर बड़ा बयान दिया है।
जावेद ने कहा है राम और सीता सिर्फ भगवान नहीं थे, बल्कि वे हमारे देश की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक भी हैं। रामायण को भी मैं इसी का दर्जा देता हूं। वैसे तो मैं नास्तिक हूं लेकिन इन हिंदू देवी-देवता की जन्मभूमि पर जन्म लेना मेरे लिए गर्व की बात है। जावेद अख्तर के भगवान राम और सीता को लेकर दिए बयान की काफी चर्चा हो रही है।