दिल्ली में रविवार दोपहर एक तेज़ रफ्तार BMW कार ने बड़ा हादसा कर दिया। धौलाकुआं के पास बेकाबू हुई कार ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। इस हादसे में वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग में डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह नवजोत सिंह पत्नी के साथ बंगला साहिब गुरुद्वारा गए थे। वहां से दोनों कर्नाटक भवन पहुंचे और लंच के बाद अपने घर, हरी नगर, लौट रहे थे।करीब 1:30 बजे, जैसे ही नवजोत सिंह धौलाकुआं पार करके दिल्ली कैंट की ओर बढ़े, पीछे से आ रही BMW कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पहले डिवाइडर से टकराई और फिर एक बस से जा भिड़ी।
नवजोत सिंह को नजदीकी अस्पताल की बजाय जीटीबी नगर स्थित न्यूलाइफ अस्पताल (17 किलोमीटर दूर) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
आरोपी और पुलिस कार्रवाई
हादसे में शामिल BMW कार गगनदीप नाम की महिला चला रही थी, जो खुद भी नॉर्थ दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 281, 105, 125B और 238A के तहत FIR दर्ज की है।पुलिस ने वाहनों को जब्त कर लिया है, मौके का मुआयना अपराध और FSL टीम से कराया गया है।आरोपी ड्राइवर का बयान दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।