नई दिल्ली। पैगंबर मोहम्मद पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालीं भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा का बचाव एक बार फिर नीदरलैंड के दक्षिणपंथी राजनेता और सांसद गीर्ट वाइल्डर्स ने किया है।
दरअसल, कल नूपुर शर्मा खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद वाइल्डर्स ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नुपुर शर्मा कन्हैयालाल की हत्या के लिए जिम्मेदार नहीं हैं और उन्हें किसी भी हालत में माफी नहीं मांगनी चाहिए।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को नूपुर शर्मा को फटकार लगाई थी और कहा था कि उदयपुर में एक हिंदू दर्जी की हत्या सहित देश में जो कुछ भी हो रहा है, उसके लिए वह अकेली जिम्मेदार हैं।
गीर्ट वाइल्डर्स ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा मुझे लगा कि भारत में शरिया अदालतें नहीं हैं। पैगंबर के बारे में सच बोलने के लिए उन्हें कभी माफी नहीं मांगनी चाहिए। वह उदयपुर हिंसा के लिए जिम्मेदार नहीं है। कट्टरपंथी असहिष्णु मुसलमान जिम्मेदार हैं और कोई नहीं।
बता दें कि इससे पहले भी डच सांसद ने इस मामले में प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि ‘यह बहुत हास्यास्पद है कि अरब और इस्लामिक देश भारतीय नेता नूपुर शर्मा के पैगंबर के बारे में सच बताने पर भड़के हुए हैं। भारत क्यों माफी मांगे?’
विल्डर्स ने भारतीयों को सलाह दी थी कि वह नूपुर शर्मा का बचाव करें। उन्होंने ट्वीट करके कहा, ‘तुष्टीकरण कभी काम नहीं करता है। यह चीजों और ज्यादा खराब कर देता है। इसलिए भारत के मेरे मित्रों आप मुस्लिम देशों की धमकी में नहीं आएं। आजादी के लिए खड़े हों और अपनी नेता नूपुर शर्मा के बचाव में गर्व महसूस करें।’