नई दिल्ली। एयर इंडिया में फिर एक शर्मनाक घटना हुई है, जिसमें एक पुरुष यात्री ने एक महिला पैसेंजर के कंबल पर पेशाब कर दिया। यह घटना 6 दिसंबर की है, यह पैरिस-दिल्ली की फ्लाइट थी। बता दें इससे पहले न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट में 26 नवंबर को नशे में टल्ली एक यात्री के बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने का मामला सामने आया था।
अधिकारियों ने आज गुरुवार को बताया कि एयर इंडिया की ही पैरिस-दिल्ली फ्लाइट में एक पुरुष यात्री ने एक महिला पैसेंजर के कंबल पर पेशाब कर दिया था। हालांकि, यात्री ने इस पर लिखित तौर पर माफी मांग ली जिसके बाद उसके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई।
ये घटना 6 दिसंबर को एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या 142 में हुई थी। पायलट ने इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी जानकारी दी थी जिसके बाद पुरुष यात्री को हिरासत में लिया गया था। अभी यह पता नहीं चला है कि यात्री किस क्लास में सफर कर रहा था।
एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि सेक्यॉरिटी को यह जानकारी मिली थी कि पुरुष यात्री ‘शराब के नशे में है और केबिन क्रू के निर्देशों का पालन नहीं कर रहा है। बाद में उसने एक लेडी पैसेंजर के कंबल पर पेशाब कर दिया।
पुरुष यात्री जैसे ही इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर प्लेन से उतरा उसे सेन्ट्रल इंडस्ट्रियल सिक्यॉरिटी फोर्स (CISF) ने धर दबोचा। अधिकारियों ने बताया कि बाद में जब महिला यात्री और उसके बीच आपसी सहमति से ‘सुलह’ हो गया और उसने ‘लिखित माफी’ मांग ली तो उसे छोड़ दिया गया।
महिला यात्री ने शुरुआत में लिखित शिकायत दी थी लेकिन उसने पुलिस केस दर्ज कराने से इनकार कर दिया। जिसके बाद एयरपोर्ट सिक्यॉरिटी ने पेशाब करने वाले यात्री को इमिग्रेशन और कस्टम से जुड़ी औपचारिकताओं के बाद जाने दिया।
इससे पूर्व 26 नवंबर को एयर इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट में बिजनस क्लास में सफर कर रहे नशे में टल्ली मुंबई के एक बिजनसमैन ने बुजुर्ग महिला यात्री के ऊपर पेशाब कर दिया था। अब दिल्ली पुलिस ने एयर इंडिया की शिकायत पर नवंबर की उस घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई हैं।