हैदराबाद। आंध्र प्रदेश के अचुतापुरम विशेष आर्थिक क्षेत्र में एक फार्मा कंपनी के रिएक्टर में विस्फोट होने से अब तक 18 लोगों की मौत हो गई है जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लंच ब्रेक के दौरान कंपनी परिसर में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए बाहर भागे। हालांकि इसके पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। इसमें झुलसकर 18 लोगों की मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अच्युतपुरम एसईजेड स्थित एक कंपनी के रिएक्टर में ये ब्लास्ट हुआ। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है। घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच चुके हैं। जिलाधिकारी विजय कृष्णन ने बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब दो बजे ‘एसेंटिया’ फार्मा कंपनी के संयंत्र में हुई। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल 30 कर्मचारियों को अनकापल्ली और अचुतापुरम के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कारखाने में आग रिएक्टर विस्फोट के चलते लगी, जिसमें 18 मजदूरों ने अपनी जान गंवा दी। कई कर्मचारियों ने इलाज के बीच ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों को जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं।
हादसे के समय मौजूद थे 300 कर्मचारी
आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एनडीआरएफ, दमकल कर्मियों और पुलिस ने इमारत की तीसरी मंजिल पर फंसे कर्मचारियों को बचाया। घायलों को अनकापल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या अभी बढ़ सकती है, क्योंकि घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है। विस्फोट के समय कंपनी में लगभग 300 कर्मचारी मौजूद थे। विस्फोट इतना जोरदार था कि इमारत की पहली मंजिल का स्लैब ढह गया। पूरे इलाके धुआं छा गया, जिससे बचाव अभियान में बाधा आ रही है।