मैनपुरी। टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन और उद्योगपति साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है। मुंबई के पालघर में हुए एक सड़क हादसे में उनकी मौत हुई है। दुर्घटना के बाद मिस्त्री को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री की रविवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जब उनकी कार महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई।
अधिकारी ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 3.15 बजे हुआ जब मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। घटना सूर्या नदी पर बने पुल की है। कार चालक समेत उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य दो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि 2012 में रतन टाटा के इस्तीफे के बाद साइरस मिस्त्री को टाटा सन्स का चैयरमैन पद सौंपा गया था, हालांकि 4 साल के भीतर ही उन्हें इस पद से हटा दिया गया।
साइरस मिस्त्री एक खरबपति परिवार से ताल्लुक रखने वाले देश के जानेमाने व्यापारी और उद्योगपति थे। वे टाटा ग्रुप के प्रमुख रतन टाटा के रिश्तेदार भी हैं। उनकी एक बहन की शादी रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा से हुई थी।