नई दिल्ली। गोवा के अरपोरा स्थित नाइटक्लब के को-ओनर्स सौरभ और गौरव लूथरा को बैंकॉक से दिल्ली लाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों भाइयों की गिरफ्तारी एयरपोर्ट पर ही की जाएगी। सौरभ और गौरव लूथरा को 11 दिसंबर को थाईलैंड पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों के अनुसार, गोवा पुलिस लूथरा ब्रदर्स को दिल्ली की एक अदालत में पेश करेगी, जहाँ जांच एजेंसी उन्हें आगे की पूछताछ के लिए गोवा ले जाने हेतु ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद गोवा पुलिस दोनों आरोपियों को अंजुना पुलिस स्टेशन ले जाकर पूछताछ कर सकेगी।
चूँकि लूथरा ब्रदर्स की गिरफ्तारी और हिरासत का स्थान गोवा के अधिकार क्षेत्र से बाहर है, इसलिए उन्हें पहले दिल्ली की अदालत में पेश करना कानूनी रूप से आवश्यक है। सभी कानूनी औपचारिकताएँ पूरी होने के बाद आरोपियों को पुलिस हिरासत में गोवा ले जाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, लूथरा ब्रदर्स को 17 दिसंबर को गोवा के मापुसा मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जा सकता है।