नई दिल्ली। आज देश अपना 76वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले पर 9वीं बार ‘तिरंगा’ फहराया। लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश ही नहीं, दुनिया के हर कोने में आन-बान और शान के साथ तिरंगा लहरा रहा है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए की। कहा कि आज का यह दिन ऐतिहासिक दिवस है, जो एक नई राह, नए संकल्प के साथ कदम बढ़ाने का अवसर है।
पीएम मोदी ने कहा कि ये गांधी, बोस, अंबेडकर को याद करने का समय है। भारत लोकतंत्र की जननी है। आज पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत सरकारी एजेंडा या कार्यक्रम नहीं है, यह जनआंदोलन है।
पीएम मोदी ने कहा कि हम वो लोग हैं, जो जीव में शिव देखते हैं, हम वो लोग हैं, जो नर में नारायण देखते हैं, हम वो लोग हैं, जो नारी को नारायणी कहते हैं, हम वो लोग हैं, जो पौधे में परमात्मा देखते हैं, हम वो लोग हैं, जो नदी को मां मानते हैं, हम वो लोग हैं, जो कंकड़-कंकड़ में शंकर देखते हैं।
प्रधानमंत्री ने नया नारा देते हुए कहा कि अब ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान’ होगा। आजादी के 75 साल पूरे होने पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए 25 साल का प्लान रखा और पांच संकल्प गिनवाए।
पांच संकल्प
आने वाले 25 सालों में भारत एक विकसित देश होगा।
देश के किसी कोने में गुलामी का कोई अंश नहीं बचेगा।
देशवासियों को विरासत पर गर्व होगा।
एकता और एकजुटता को मजबूत किया गया जाएगा।
नागरिक कर्तव्यों पर जोर दिया जाएगा।