बारामूला। हमारे देश में सेना के जवानों को लोग ऐसे ही इतना मान सम्मान नहीं देते। हमारे जांबाज़ अपने जान की बाज़ी लगाकर दुश्मनों का मुकाबला तो करते ही हैं, इसके अलावा अन्य किसी संकट के समय भी वे लोगों की मदद करने के लिए तत्पर रहते हैं। ऐसा ही एक वाकया जम्मू कश्मीर में देखने को मिला।
दरअसल, जम्मू कश्मीर में भारी बर्फबारी और ठंड के बीच भारतीय सेना के जवान एक 80 वर्षीय बुजुर्ग के लिए देवदूत बनकर सामने आए।
जवानों ने बारामूला जिले के बोनियार-उरी से एक 80 वर्षीय व्यक्ति को अपने कंधे पर उठाकर अस्पताल पहुंचाया जिससे बुजुर्ग की जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सेना की यूनिट को एक आपातकालीन कॉल प्राप्त हुई। सेना के जवान तुरंत पहुंचे और उन बुजुर्ग व्यक्ति को अपने कंधों पर उठाकर पास के अस्पताल में पहुंचाया।
वृद्ध को कुछ दर्द था और उसे अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत थी। भारतीय सेना के जवानों ने समय पर उस वृद्ध व्यक्ति को भारी बर्फबारी के बीच अस्पताल पहुंचाया जिससेउनकी जान बच गई।