नई दिल्ली। ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को पटियाला हाउस कोर्ट में अपनी पेशी के दौरान सुकेश ने कहा कि केजरीवाल वजीर हैं, वे अपना टास्क बखूबी निभा रहे हैं. एक-एक का पर्दाफाश करूंगा.’ सुकेश ने शराब नीति से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि शराब नीति मामले में अभी और गिरफ्तारियां होंगी और इस केस से उसका कोई लेनादेना नहीं है.
सुकेश चंद्रशेखर पर मनीलॉन्ड्रिंग के अलग-अलग मामले दर्ज हैं और वह अभी जेल में है. वहीं, सीबीआई ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 को बनाने और लागू करने में कथित भ्रष्टाचार के मामले में 26 फरवरी को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था. इस नीति को अब रद्द किया जा चुका है.
चंद्रशेखर और उनकी अभिनेत्री पत्नी लीना मारिया पॉल दोनों को दिल्ली पुलिस ने सितंबर 2022 में धोखाधड़ी के मामले में उनकी कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया था. दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा और ईडी की जांच के दौरान बॉलीवुड अभिनेत्रियों जैकलीन फर्नांडीज और नोरा फतेही के अलावा कई अन्य लोगों के नाम सामने आए थे.