लोकसभा में बुधवार शाम 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिभाषण प्रस्ताव पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा का जवाब देने के लिए निर्धारित था। पीएम मोदी इसके लिए सदन में पहुंच भी चुके थे, लेकिन उनके संबोधन से पहले ही सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बताया जा रहा है कि विपक्ष के हंगामे के चलते यह फैसला लिया गया। दरअसल, बुधवार सुबह भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल सरकार का पक्ष रख रहे थे। इसी दौरान विपक्षी सांसदों ने जोरदार विरोध शुरू कर दिया। पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील में किसानों के हितों की पूरी तरह रक्षा की गई है।
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक बार फिर संसद में पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब लेकर पहुंचे। इसी किताब को लेकर पिछले दो दिनों से लोकसभा में लगातार हंगामा हो रहा है। गौरतलब है कि संसद के बजट सत्र का बुधवार को छठा दिन था और अब तक सत्र के दौरान कई बार कार्यवाही बाधित हो चुकी है।