आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों (पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा) के विधानसभा चुनाव के बाद अब तक के रुझान एक्जिट पोल के अनुमानों के लगभग अनुरूप ही नजर आ रहे हैं। रुझानों में यूपी, और उत्तराखंड में बीजेपी बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है। पंजाब में ‘आप’ रुझानों में बहुमत हासिल कर चुकी है और मजबूती से आगे बढ़ रही है। मणिपुर और गोवा में भी बीजेपी सबसे आगे चल रही है। राजनीतिक दलों और नेताओं से लेकर चुनावी पंडितों एवं आम आदमी की नजरें नतीजों पर टिकी हुई हैं।
उत्तराखंड की 70 सीटों के रुझान के बाद बीजेपी 42 और कांग्रेस 24 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। बहुजन समाज पार्टी दो सीटों पर आगे है जबकि ‘आप’ का राज्य में खाता नहीं खुला है। उत्तर प्रदेश के रुझानों में बीजेपी आगे चल रही है। बीजेपी 252, सपा 110, बीएसपी 4, कांग्रेस 2 और निर्दलीय उम्मीदवार एक सीट पर आगे है।
मणिपुर में भी बीजेपी ने बढ़त बनाई हुई है। मणिपुर में बीजेपी 20, कांग्रेस 3, एनपीपी 7, एनपीएफ 6 और निर्दलीय उम्मीदवार 5 सीटों पर आगे चल रहे हैं। साथ ही गोवा मे भी भारतीय जनता पार्टी बहुमत के करीब है। गोवा में बीजेपी 19, कांग्रेस 11, MGP 3, आप 2 और निर्दलीय उम्मीदवार 4 सीटों पर आगे चल रहे हैं। वहीँ पंजाब मे आम आदमी पार्टी का झाड़ू चलता नज़र आ रहा है। पंजाब में आप 90, कांग्रेस 18, अकाली दल 6, बीजेपी 2 और निर्दलीय उम्मीदवार 1 सीट पर आगे चल रहा है।