नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा-विधानसभा उपचुनावों के पार्टी प्रत्यशियों की सूची जारी कर दी है। भाजपा ने उप्र की रामपुर लोकसभा सीट से घनश्याम लोधी को टिकट दिया है। उम्मीद की जा रही थी कि यहां से पार्टी मुख्तार अब्बास नकवी को उतार सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यह सीट सपा नेता आजम खां के लोकसभा से इस्तीफा देने बाद खाली हुई थी।
इसके अलावा भाजपा ने आजमगढ़ से भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता दिनेश लाल यादव “निरहुआ” को दोबारा प्रत्याशी बनाया है। पिछले लोकसभा चुनावों में उन्हें सपा नेता अखिलेश यादव से करारी हार का सामना करना पड़ा था।
विधानसभा में इन्हें मिला टिकट
विधानसभा उपचुनावों के लिए भाजपा ने त्रिपुरा की टाउन बोरदोवली से डॉ. मणिक शाह, अगरतला से डॉ. अशोक सिन्हा, सुरमा से स्पप्न दास पॉल, जुबराजनगर से मालिना देवनाथ को प्रत्याशी बनाया है।
आंध्र प्रदेश के आत्मकूर से गुंदलपल्ली भरत कुमार यादव, दिल्ली के राजिन्दर नगर से राजेश भाटिया तो झारखंड की मंदर सीट से गंगोत्री कुजुर को उतारा गया है।