दक्षिण भारत के कई राज्यों में जहां लगातार बारिश हो रही है, वहीं उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट देखी जा रही है। मंगलवार को दिल्ली में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। सुबह-शाम हल्की ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले पांच दिनों तक केरल, कर्नाटक, यनम, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे दो अलग-अलग वेदर सिस्टम के चलते देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।
झारखंड में बारिश और आंधी की चेतावनी
रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 28 से 31 अक्टूबर के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है।पटना मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव अब चक्रवाती तूफान में बदलने वाला है। इसका असर बिहार में 29 से 31 अक्टूबर के बीच देखा जा सकता है। कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 से 31 अक्टूबर के बीच दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश के तट से टकराने वाले चक्रवात का असर कोलकाता, दक्षिण 24 परगना, मेदिनीपुर, हावड़ा, पुरुलिया और बांकुरा में भी महसूस किया जा सकता है।
महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी बारिश के आसार
पश्चिमी भारत के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। 28 से 30 अक्टूबर के बीच महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तापमान में गिरावट जारी है। हल्की बारिश के बाद ठंड बढ़ने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके बाद सर्दी का असर और तेज़ होने की उम्मीद है।