मुंबई में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने एलपीजी गैस की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 451 सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई पश्चिम एशिया संकट के बीच बढ़ती कालाबाजारी को रोकने के लिए की गई। अधिकारियों ने वाडीबंदर ब्रिज और डोंगरी इलाके से सिलेंडरों के साथ 8 वाहनों को भी जब्त किया है। अधिकारियों के अनुसार, 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडरों को बिना लाइसेंस के अवैध रूप से स्टोर और ट्रांसपोर्ट किया जा रहा था। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 40.61 लाख रुपये बताई गई है।
यह छापेमारी नियंत्रक खाद्य वितरण एवं नागरिक आपूर्ति निदेशक Chandrakant Dange को मिली विशेष सूचना के आधार पर की गई। कार्रवाई विशेष टीम ने गणेश बेल्लाळे, माधुरी शिंदे और प्रदीप यादव के नेतृत्व में अंजाम दी। जांच के दौरान ‘जय हिंद गैस एजेंसी’ पर सरकारी नियमों के उल्लंघन और अवैध भंडारण के आरोप सामने आए हैं। एजेंसी की मालिक नजमा सनारुल मंडल और संचालक सनारुल रहमतुल्ला मंडल के खिलाफ डोंगरी पुलिस में मामला दर्ज किया गया है।
इसी बीच Delhi Government ने प्रवासी मजदूरों को राहत देने के लिए 5 किलो के एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारियों को विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। केंद्र सरकार द्वारा इस श्रेणी में 100 प्रतिशत आवंटन बढ़ाने के बाद दिल्ली में इन सिलेंडरों की दैनिक उपलब्धता 684 से बढ़ाकर 1,368 कर दी गई है।
इन शिविरों का आयोजन तेल विपणन कंपनियों और अधिकृत एलपीजी वितरकों के साथ मिलकर किया जाएगा। उपभोक्ता आधार कार्ड दिखाकर ये छोटे सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे। जिला प्रवर्तन टीमें मांग का आकलन और वितरण की निगरानी करेंगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे। सरकार ने यह भी कहा है कि जिन मजदूरों को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में परेशानी हो रही है, वे अपने क्षेत्र में शिविर लगवाने के लिए संबंधित जिला अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।