नई दिल्ली : संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कई अहम मुद्दों पर बात की, जिनमें पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर, नक्सलवाद और भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियां शामिल रहीं। उन्होंने इस सत्र को “राष्ट्र के लिए विजयोत्सव” बताया।
अंतरिक्ष में लहराया तिरंगा, देश का गौरव बढ़ा
पीएम मोदी ने कहा कि यह मानसून सत्र देश के लिए गर्व का अवसर है। पहली बार भारत का तिरंगा अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर लहराया है, जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विज्ञान, नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में देश ने नई ऊंचाइयों को छुआ है, और यह भावना संसद और देशवासियों के बीच एकजुटता का स्रोत बनेगी।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर पीएम ने जताया गर्व
प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की सैन्य शक्ति का दुनिया भर में लोहा माना गया है। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने आतंकियों के ठिकानों को केवल 22 मिनट में नष्ट कर दिया और मिशन को पूरी तरह सफल बनाया।
पहलगाम हमले पर विपक्ष भी साथ आया
पहलगाम आतंकी हमले की चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस निर्मम घटना ने विश्व को झकझोर दिया। उन्होंने विपक्षी दलों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पाकिस्तान की नापाक हरकतों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उजागर किया, जिससे देश की एकता और मजबूती का संदेश गया।
‘देशहित में मन जरूर मिले’ – पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में सभी दलों से आग्रह किया कि वे देशहित को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा, “हर दल की अपनी विचारधारा होती है, लेकिन जब बात राष्ट्र की हो, तो सभी को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। दलगत मतभेद हो सकते हैं, लेकिन देशहित में मन जरूर मिलना चाहिए।”