नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए भीषण धमाके में 12 लोगों की मौत के बाद देशभर में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस घटना के बाद जांच एजेंसियां लगातार देश के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी कर रही हैं और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इसी बीच, कई मुस्लिम नेताओं और संगठनों ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। अखिल भारतीय मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने भी धमाके पर गहरा दुख जताते हुए सरकार से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना खालिद सैफुल्लाह रहमानी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राजधानी के ऐतिहासिक स्थल लाल किले के निकट हुआ यह विस्फोट बेहद चिंताजनक और दुखद है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों की जान लेने वाली ऐसी घटनाओं की सख्त निंदा की जानी चाहिए।
मौलाना रहमानी ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों से अपील की कि इस मामले की व्यापक, निष्पक्ष और बहुआयामी जांच सुनिश्चित की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा मिले।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे हादसों के बाद किसी समुदाय को निशाना बनाना उचित नहीं है, बल्कि सभी को मिलकर शांति और सौहार्द बनाए रखने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।