नागपुर। नागपुर हिंसा के मामले में महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। नागपुर में हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान के घर को ढहा दिया गया है। देवेंद्र फडणवीस सरकार ने फहीम खान के घर पर बुलडोजर चलवाया है। इस मामले में पुलिस ने अल्पसंख्यक लोकतांत्रिक पार्टी (एमडीपी) के नेता फहीम खान के साथ 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने बताया कि कुछ दिन पहले नागपुर नगर निगम ने खान को नोटिस भी जारी किया था। नागपुर नगर निगम ने उसे खुद से अवैध निर्माण हटाने के लिए 24 घंटे का समय दिया था, जो आज पूरा हो गया।
नागपुर पुलिस हिंसा मामले में आरोपी फहीम खान को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार को नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर फहीम खान के घर पर पहुंची। यहां पहले बिजली का कनेक्शन काटा गया और उसके बाद अवैध हिस्से पर बुलडोजर से कार्रवाई की गई। कुछ ही मिनटों में बुलडोजर से फहीम खान के घर को ढहा दिया गया। हालिया बयानों में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हिंसा की घटना के बाद आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कर चुके हैं।
22 मार्च को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हिंसा के दौरान हुए नुकसान की भरपाई दंगाइयों से की जाएगी। अगर वो पैसे नहीं देते हैं तो उनकी संपत्ति बेचकर वसूली की जाएगी। जरूरत पड़ने पर बुलडोजर का भी इस्तेमाल किया जाएगा। उस समय मुख्यमंत्री ने बताया कि नागपुर हिंसा के सिलसिले में 92 लोगों को गिरफ्तार किया गया। सीएम फडणवीस ने कहा कि हिंसा सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के कारण हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उस दिन एक पवित्र ‘चादर’ को जलाया गया था। इसके चलते दंगाइयों ने नागपुर में पथराव किया, वाहनों में आग लगाई और दुकानों पर हमला किया।