नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए कार ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने फरार चल रहे एक और आरोपी शोयब को गिरफ्तार किया है, जो मुख्य साजिशकर्ता और ब्लास्ट करने वाले आतंकी उमर उन नबी को वारदात से ठीक पहले पनाह देने का आरोपी है। शोयब हरियाणा के फरीदाबाद स्थित धौज इलाके का रहने वाला है और यह इस मामले में गिरफ्तार किया गया सातवां आरोपी है।
उमर को मिली थी पूरी लॉजिस्टिकल मदद
NIA की जांच में खुलासा हुआ है कि शोयब ने आतंकी उमर को ब्लास्ट से ठीक पहले रहने की जगह, मूवमेंट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई थीं। इससे पहले एजेंसी छह अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है, जिन पर उमर को सहायता देने का आरोप है।
साजिश को उजागर करने के लिए कई राज्यों में छापेमारी
हमले की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए NIA कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही है। एजेंसी का मानना है कि यह एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
10 नवंबर 2025 को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए शक्तिशाली विस्फोट ने राजधानी को दहला दिया था। इस हमले में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में इस सुसाइड कार ब्लास्ट को ‘व्हाइट कॉलर टेरर’ नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें पढ़े-लिखे पेशेवर, जिनमें डॉक्टर भी शामिल बताए जाते हैं, की संलिप्तता की जांच हो रही है।