नई दिल्ली| एक टीवी डिबेट के दौरान विवादित टिप्पणी करने वाली भारतीय जनता पार्टी की निलंबित नेत्री नूपुर शर्मा को अब हथियार रखने का लाइसेंस मिल चुका है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि बीजेपी की निलंबित नेता नूपुर शर्मा के पास हथियार रखने का लाइसेंस है। नूपुर शर्मा ने अपनी जान का खतरा बताते हुए हथियार के लाइसेंस की अर्जी दी थी।
विवादित टिप्पणी
गौरतलब है कि जून 2022 में एक टीवी डिबेट के दौरान नूपुर शर्मा ने विवादित टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी के बाद देश भर में विरोध प्रदर्शन देखने को मिला था। कई राज्यों में हिंसक प्रदर्शन भी हुए इसके साथ ही नूपुर शर्मा के खिलाफ मामले भी दर्ज किए गए थे।
इस दौरान नूपुर शर्मा को जान से मारने की धमकी भी मिली थी। नूपुर शर्मा को न सिर्फ भारत बल्कि विदेश से भी जान से मारने की धमकी मिली थी। ‘सर तन से जुदा’ की धमकी के बाद ही नूपुर शर्मा की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे।
बीजेपी ने किया था निलंबित
मामला बढ़ते देख भारतीय जनता पार्टी ने तुरंत एक्शन लिया और नूपुर शर्मा को प्रवक्ता के पद से निष्कासित कर दिया था। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले पर टिप्पणी की थी और नूपुर शर्मा के बयान को गलत बताया था। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद नूपुर ने बिना शर्त अपने बयान को वापस ले लिया था।
नूपुर शर्मा ने की थी अपील
लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए नूपुर शर्मा ने आत्मरक्षा के लिए हथियार रखने की अपील की थी। शर्मा ने हाल ही में दिल्ली पुलिस की लाइसेंसिंग इकाई के समक्ष एक याचिका दायर कर अनुरोध किया था। अपनी याचिका ने उन्होंने कहा था कि उनकी जान को खतरा है और उन्हें आत्मरक्षा के लिए चौबीसों घंटे बंदूक साथ रखने की जरूरत है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नुपुर शर्मा की याचिका को स्वीकार कर लिया है। अब नुपुर शर्मा अपनी सुरक्षा के लिए अपने पास हथियार रख सकती हैं।
Nupur Sharma, Nupur Sharma latest news, Nupur Sharma news, Nupur Sharma latest update,