दौसा। दिल्ली से जयपुर जाने वाले लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज खास तोहफा दिया है। पीएम ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के 246 किलोमीटर लंबे दिल्ली-दौसा-लालसोट फेज का उद्घाटन किया।
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के चलते अब दिल्ली से जयपुर की यात्रा में लगने वाला समय पांच घंटे की जगह साढ़े तीन घंटे हो जाएगा। इसी के साथ पीएम ने 18,100 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क विकास परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी।
इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों से केंद्र सरकार लगातार बुनियादी ढांचे में भारी निवेश कर रही है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर राजस्थान और देश के लिए प्रगति के दो मजबूत स्तंभ बनने जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि जब ऐसी आधुनिक सड़कें, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, मेट्रो बनते हैं तो देश की प्रगति होती है। इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाला निवेश, दूसरे तरह के निवेश को भी आकर्षित करता है।
उन्होंने कहा कि इस साल के बजट में हमने इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 10 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। यह राशि 2014 में प्रावधानित राशि का पांच गुना है और इस निवेश से राजस्थान को काफी फायदा होने वाला है। प्रधानमंत्री ने दौसा में राष्ट्रीय सड़क परियोजना प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। उनके साथ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे।
छह राज्यों को जोड़ेगा एक्सप्रेसवे
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे 1,386 किमी की लंबाई के साथ भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा। यह दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा की दूरी को 1,424 किमी से घटाकर (12 प्रतिशत) 1,242 किमी कर देगा, जबकि यात्रा का समय वर्तमान 24 घंटे से 12 घंटे (50 प्रतिशत की कमी) का हो जाएगा।
एक्सप्रेसवे छह राज्यों दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मप्र, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगा और कोटा, इंदौर, जयपुर, भोपाल, वडोदरा और सूरत जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ेगा।