प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे। रविवार को उन्होंने राज्य में कई अहम विकास योजनाओं की शुरुआत की और लोगों को नए प्रोजेक्ट्स का तोहफा दिया। इस दौरान उन्होंने कालियाबोर में 6,957 करोड़ रुपये की काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर का शिलान्यास किया और दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बीजेपी लोगों की पहली पसंद: पीएम मोदी
असम की जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज बीजेपी लोगों की पहली पसंद बन गई है। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ साल में पार्टी पर देश का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। हाल में हुए बिहार चुनाव में भी जनता ने बीजेपी को रिकॉर्ड वोट और सीटें दी हैं।
विकास और गवर्नेंस पर फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भी बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया। मुंबई जैसी बड़ी निगम में जनता ने पहली बार बीजेपी को स्पष्ट जनादेश दिया। मोदी ने केरल के तिरुअनंतपुर में भी पार्टी के मेयर बनने का जिक्र किया और कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि देश का वोटर अब गुड गवर्नेंस और विकास चाहता है। उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी विकास और विरासत दोनों पर ध्यान देती है, इसलिए लोग हमें पसंद करते हैं।”
कांग्रेस पर तीखा हमला
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार में असम में घुसपैठ बढ़ी और राज्य की मिट्टी असम की संस्कृति से जुड़े नहीं लोगों के हाथों चली गई। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों की संख्या ने आबादी का संतुलन बिगाड़ा, जो असम और देश दोनों की सुरक्षा के लिए खतरा है। मोदी ने चेताया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी यही रणनीति पूरे देश में अपनाते हैं, लेकिन जनता उन्हें लगातार नकार रही है।
काजीरंगा का अनुभव
प्रधानमंत्री ने अपने असम दौरे के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि काजीरंगा नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम और अगली सुबह की एलीफैंट सफारी ने उन्हें क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता के और करीब लाया। मोदी ने इसे केवल नेशनल पार्क नहीं, बल्कि असम की आत्मा और भारत की जैव विविधता का अनमोल रत्न बताया। उन्होंने याद दिलाया कि यूनेस्को ने इसे वर्ल्ड हेरिटेज साइट का दर्जा भी दिया है।