नई दिल्ली। केंद्रीय बजट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के विजन को स्पष्ट करते हुए इसे “अपार अवसरों का बजट” बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट वर्तमान के सपनों को साकार करने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला है। प्रधानमंत्री ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना करते हुए कहा कि लगातार बजट पेश कर उन्होंने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है।प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट विकसित भारत की नींव को और सुदृढ़ करेगा। उनके मुताबिक, यह सरकार के विजन को जमीन पर उतारने का रोडमैप है, जिससे देश को विकास के नए रास्ते मिलेंगे।
रिफॉर्म एक्सप्रेस को मिलेगी रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि इस बजट से भारत की ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ को नई गति मिलेगी। सुधारों की प्रक्रिया और तेज होगी तथा आर्थिक ढांचा और अधिक मजबूत बनेगा। उन्होंने बताया कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए बजट में कई अहम प्रावधान किए गए हैं, जिससे उत्पादन और निवेश में इजाफा होगा।
युवाओं के लिए नए अवसर
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत द्वारा की गई बड़ी ट्रेड डील्स का सीधा लाभ युवाओं को मिलेगा। इन समझौतों से रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है और यह बजट उस दिशा में एक मजबूत कदम है।
महंगाई नियंत्रण और वैश्विक पहचान
पीएम मोदी ने कहा कि बजट से महंगाई पर नियंत्रण में मदद मिलेगी और वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका और सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और संतुलित विकास को बढ़ावा मिलेगा, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचेगा।
डेटा सेंटर और मेडिकल हब पर फोकस
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत को डेटा सेंटर हब बनाने के लिए टैक्स में छूट जैसे प्रावधान किए गए हैं। इसके साथ ही देश को मेडिकल हब के रूप में विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस स्किल और स्केल पर है और यह बजट युवाओं के सपनों, उनकी गति और उनके भविष्य को मजबूती देने वाला है।
शहरों, इंफ्रास्ट्रक्चर और MSME को मजबूती
पीएम मोदी ने कहा कि बजट से शहरी विकास को गति मिलेगी, इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और मजबूत व चैंपियन MSME तैयार होंगे, जो देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी पूंजी उसके नागरिक हैं और यह बजट नागरिकों की ताकत को आगे बढ़ाने वाला साबित होगा।