बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के दावणगेरे में रोड शो किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने विजय संकल्प यात्रा महासंगम को संबोधित करते हुए कहा कि आज विजय संकल्प रैली हो रही है, उसी समय हमारे कर्नाटक में कलबुर्गी में, जो कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कर्मभूमि है, आज वहां मेयर, उप-मेयर का चुनाव था और वहां भाजपा के मेयर, उप-मेयर जीत गए।
पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के घर में भाजपा का विजय डंका बज गया। ये एक प्रकार से विजय संकल्प रैली का शुभ संकेत है कि विजय यात्रा आरंभ हो चुकी है। यह नतीजा साफ दिखा रहा है कि डबल इंजन सरकार की धमाकेदार वापसी का निर्णय कर्नाटक ने कर लिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर कल मैंने कर्नाटक का एक वीडियो देखा। एक पार्टी के बड़े नेता, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारने का आनंद ले रहे थे।
उन्होंने कहा जो अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं कर सकते, वो जनता जनार्दन का सम्मान क्या करेंगे? कर्नाटक भाजपा का हर कार्यकर्ता, मेरे लिए मेरा एक मजबूत साथी है। यहां का हर कार्यकर्ता मेरा परम मित्र है, मेरा सहोदर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कर्नाटक ने अवसरवादी और स्वार्थी गठबंधन की सरकारों का लंबा दौर देखा है। ऐसी सरकारों से कर्नाटक को हमेशा नुकसान हुआ है इसलिए कर्नाटक के तेज विकास के लिए भाजपा की पूर्ण बहुमत की स्थिर सरकार बहुत जरूरी है। भाजपा कर्नाटक को भारत के विकास की उभरती ताकत बनाना चाहती है जबकि कांग्रेस राज्य को अपने नेताओं के लिए एटीएम बनाना चाहती है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ लेकिन वे नहीं जानते कि कर्नाटक के लोगों का एक सपना है ‘मोदी तेरा कमल खिलेगा।’
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने चिकबल्लापुर में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की मौजूदगी में मधुसूदन साईं इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान पीएम ने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी हो गई है।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 70 हो गई है। देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 650 हो गई है। उन्होंने कहा कि भारत ने खुद को विकसित बनाने का फैसला कर लिया है। देश सबकी भागीदारी से बढ़ रहा है। बता दें कि इस वर्ष चुनावी राज्य कर्नाटक में प्रधानमंत्री का यह सातवां दौरा है।