रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने झारखंड दौरे के तहत बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचे। उन्होंने यहां एयरपोर्ट के साथ 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के बाद लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बाबा धाम आकर हर किसी का मन प्रसन्न हो जाता है। आज हम सभी को देवघर से झारखंड के विकास को गति देने का सौभाग्य मिला है।
पीएम मोदी ने कहा कि ये परियोजनाएं भले ही झारखंड से शुरु हो रही हैं, लेकिन इनसे बिहार और पश्चिम बंगाल के भी अनेक क्षेत्रों को सीधा लाभ होगा। ये परियोजनाएं पूर्वी भारत के विकास को भी गति देंगी।
उन्होंने कहा देश पिछले 8 वर्षों से इसी सोच के साथ काम कर रहा है कि राज्यों के विकास से राष्ट्र का विकास होता है। पिछले 8 वर्षों में हाईवे, रेलवे, एयरवे, वाटरवे हर प्रकार से झारखंड को कनेक्ट करने के प्रयास में भी यही सोच, यही भावना सर्वोपरि रही है।
पीएम मोदी ने कहा हम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर चल रहे हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश कर विकास के, रोज़गार-स्वरोज़गार के नए रास्ते खोजे जा रहे हैं। हमने विकास की आकांक्षा पर बल दिया है, आकांक्षी जिलों पर फोकस किया।
उन्होंने कहा आज सरकार के प्रयासों का लाभ पूरे देश में दिख रहा है। उड़ान योजना के तहत पिछले 5-6 सालों में लगभग 70 नए स्थानों को एयरपोर्ट्स, हेलीपोर्ट्स और वॉटर एयरोडोम्स के माध्यम से जोड़ा गया है। 400 से ज्यादा नए रूट्स पर आज सामान्य से सामान्य नागरिक को हवाई यात्रा की सुविधा मिल रही है।
इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जोहार से प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक है। आज देवघर एयरपोर्ट का विधिवत उद्घाटन हो रहा है। राज्य के विकास में मार्गों की अहम भूमिका होती है। साहिबगंज में जल मार्ग बनकर तैयार है। इसके लिए पीएम को शुक्रिया।
समारोह में मौजूद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि झारखंड में दो हवाई अड्डे हैं। इसे बढ़ाकर पांच करेंगे। बोकारो व दुमका में भी हवाई अड्डा बनेगा। सिंधिया ने कहा कि 14 नए रूट प्रचलित होंगे। देवघर से धीरे-धीरे देश के कई राज्यों में विमानों द्वारा उड़ान भरा जायेगा।