नई दिल्ली। इजरायल-हमास युद्ध में हर रोज बड़ी संख्या में लोगों की जान जा रही है। इस बीच गाजा में इजरायल द्वारा लगातार किए जा रहे हमले की कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने आलोचना की है।
गाजा में अंतरराष्ट्रीय कानूनों का हो रहा उल्लंघनः प्रियंका
प्रियंका गांधी ने कहा कि ऐसा कोई अंतरराष्ट्रीय कानून नहीं है, जिसका गाजा में उल्लंघन नहीं हुआ हो। कांग्रेस नेता ने कहा कि गाजा में बच्चों को निशाना बनाया जा रहा है और मानवता पूरी तरह खत्म हो चुकी है, जो पता नहीं कब जागेगी।
गाजा में 7000 लोगों की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दशकों से चले आ रहे इजरायल-फलस्तीन जंग में गाजा में इस बार मरने वालों की बढ़ती संख्या काफी ज्यादा है। हमास शासित गाजा में 7000 से अधिक फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है। एक्स पर किए एक पोस्ट में प्रियंका गांधी ने कहा कि गाजा में 7000 लोगों की हत्या के बाद भी खून-खराबे और हिंसा का सिलसिला नहीं रुका है। उन्होंने कहा कि इन 7000 लोगों में से 3000 मासूम बच्चे थे।
प्रियंका गांधी ने आगे कहा, ऐसा कोई अंतरराष्ट्रीय कानून नहीं है जिसका उल्लंघन न किया गया हो। ऐसी कोई सीमा नहीं है जिसे पार नहीं किया गया हो। ऐसा कोई नियम नहीं है जिसका उल्लंघन नहीं किया गया हो। आखिर इंसानियत कब जागेगी? कितनी जानें गंवाने के बाद। कितने बच्चों की बलि चढ़ाने के बाद। क्या इंसान होने का एहसास नहीं है क्या?
गाजा में 7000 मनुष्यों की हत्या के बाद भी रक्तपात और हिंसा का दौर थमा नहीं। इन 7000 लोगों में से 3000 मासूम बच्चे थे।
कोई ऐसा अंतरराष्ट्रीय कानून नहीं, जिसे कुचला न गया हो। कोई ऐसी मर्यादा नहीं, जिसे तार-तार न किया गया हो। कोई ऐसा क़ायदा नहीं, जिसकी धज्जियाँ न उड़ी हों।…
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) October 27, 2023
बता दें कि 7 अक्टूबर को हमास द्वारा इजराइल पर किए गए अभूतपूर्व हमलों में 1400 से अधिक लोग मारे गए थे। हमास ने गाजा में 220 से अधिक लोगों को बंधक बना रखा है। इसके बाद इजराइल ने जवाबी हमले शुरू किए, जिससे गाजा में चारो तरफ मौत और विनाश ही रह गया।