नई दिल्ली। अमेरिका में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारतीय लोकतंत्र पर दिए गए बयान को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उन पर करारा हमला बोला है। जयशंकर ने कहा कि वो जब भी बाहर जाते हैं तो देश की आलोचना करते हैं। हमारी राजनीति के बारे में टिप्पणी करते हैं।
विदेश मंत्री ने कहा कि अगर देश में लोकतंत्र नहीं होता तो हर चुनाव का रिजल्ट एक ही होता। लेकिन ऐसा नहीं है। हालांकि, इसके साथ ही जयशंकर ने 2024 का लोकसभा चुनाव जीतने का दावा भी कर दिया। कहा कि आज दुनिया हमें देख रही है। इस देश में चुनाव होते हैं, एक पार्टी जीतती है कभी दूसरी पार्टी जीतती है। अगर लोकतंत्र नहीं है तो ऐसा कैसे होता।
24 के चुनाव का रिजल्ट वही होगा
जयशंकर ने कहा कि उनकी आदत है कि जब वो बाहर जाते हैं तो देश की आलोचना करते हैं, हमारी राजनीति के बारे में टिप्पणी करते हैं। अगर देश में लोकतंत्र नहीं है तो ऐसा होना तो नहीं चाहिए। हर चुनाव का रिजल्ट तो एक ही होना चाहिए न, वैसे 24 के चुनाव का रिजल्ट तो वही होगा, हमें पता है।
नहीं बची राहुल की विश्वसनीयता
राहुल पर हमला करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि ये जो पूरा नैरेटिव जो है वो हमारे देश में बना है और जब ये नैरेटिव देश में नहीं चलता है या कम चलता है तो वो उसके वो बाहर ले जाते हैं। उनकी अपेक्षा है कि बाहर सपोर्ट देश में चलेगा।
उन्होंने कहा मुझे लगता है कि यहां आम नागरिक, हमारे यहां लोकतंत्र है, आपकी राजनीति कुछ होगी हमारी कुछ होगी। देश में जो करें हमें ऐतराज नहीं है। देश की राजनीति को बाहर ले जाना देश हित में नहीं है। मुझे नहीं लगता उनकी विश्वसनीयता इसके कारण बची होगी।