दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है। बारिश के बाद पूरे एनसीआर में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने राजधानी के अलग-अलग हिस्सों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही आज रात या बुधवार सुबह घने कोहरे की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, पश्चिम दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में झमाझम बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ घंटों के दौरान इन इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं दक्षिण-पूर्व दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, शाहदरा और पूर्वी दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, अगले तीन घंटों के दौरान आगरा, अलीगढ़, अमरोहा, बुलंदशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, जालौन, कासगंज, मैनपुरी, मथुरा, मेरठ और संभल में भी गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसके चलते इन्हें ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है।
बुधवार को दिल्ली में मौसम ठंडा बना रहेगा। अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बन सकती है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध देखने को मिल सकती है। न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
गौरतलब है कि मंगलवार को भी दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने पहले ही नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में बादलों के साथ बारिश और गरज के संकेत दिए थे।