मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बाधा के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर ‘ग्रीन सान्वी’ सफलतापूर्वक होर्मुज पार कर भारत की ओर बढ़ रहा है। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद ईरान ने भारतीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग देने की अनुमति दी है। बीते एक महीने में होर्मुज पार करने वाला यह सातवां भारतीय जहाज है।
ताजा जानकारी के अनुसार, ‘ग्रीन सान्वी’ ने 3 अप्रैल को होर्मुज स्ट्रेट पार किया और अब मुंबई की ओर बढ़ रहा है। इसके 6 अप्रैल तक मुंबई पहुंचने की संभावना है। इस जहाज में करीब 44,000 मीट्रिक टन एलपीजी लदा हुआ है, जो देश की आधे दिन की जरूरत के बराबर माना जा रहा है। जहाज ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, यह टैंकर ईरान के समुद्री क्षेत्र से होकर सुरक्षित कॉरिडोर के जरिए आगे बढ़ा है। हालांकि अभी भी भारत के कई तेल और गैस से जुड़े जहाज होर्मुज क्षेत्र में फंसे हुए हैं और ईरान से क्लियरेंस का इंतजार कर रहे हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में रोजाना 55,000 मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी की खपत होती है। देश अपनी कुल जरूरत का करीब 60 प्रतिशत आयात करता है, जिसमें से 85 से 90 प्रतिशत आपूर्ति इसी रूट से होती है। इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में ‘ग्रीन आशा’ और ‘जग विक्रम’ जैसे अन्य एलपीजी टैंकर भी होर्मुज पार कर भारत पहुंच सकते हैं, जिससे आपूर्ति स्थिति में और सुधार होगा।इस बीच दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और चेन्नई जैसे शहरों में एलपीजी को लेकर लंबी कतारों की खबरें सामने आई हैं। हालात को देखते हुए सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठा रही है।