नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटा विपक्ष एक बार फिर बिखरता दिख रहा है। कभी कांग्रेस साथी पार्टियों पर हमला बोल रही है, तो कभी दूसरी विपक्षी पार्टियां कांग्रेस को निशाना बना रही है। इस बीच अब TMC प्रमुख ममता बनर्जी और शिवसेना ने कांग्रेस पार्टी को अपने तेवर दिखाए हैं।
ममता बोलीं- TMC ही भाजपा को हरा सकती
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि इंडी गठबंधन पूरे देश में होगा, लेकिन बंगाल में TMC अकेली लड़ेगी और भाजपा को हराएगी। ममता ने कहा कि बंगाल में केवल TMC ही भाजपा को सबक सिखा सकती है, कोई दूसरी पार्टी नहीं।
नागरिकता के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
सीएम ममता ने बीते दिन उत्तर 24 परगना जिले में बांग्लादेश मूल के लोगों की बड़ी आबादी तक पहुंच बनाने के उद्देश्य से भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए नागरिकता के मुद्दे में हेरफेर करने का आरोप लगाया।
शिवसेना के भी तल्ख तेवर
हाल ही में महाराष्ट्र की सीटों को लेकर इंडी गठबंधन में टकराव की बात सामने आई। शिवसेना (UBT) ने महाराष्ट्र की 48 सीटों में से 23 सीटों की मांग की है, जिसे कांग्रेस ने मना कर दिया।
शिवसेना नेता संजय राउत ने इस पर बयान देते हुए कहा कि राज्य में शिवसेना (UBT) सबसे बड़ी पार्टी है और कांग्रेस को जीरो से शुरुआत करनी होगी। दरअसल, कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने शिवसेना को टूटी हुई पार्टी बताया था, जिसके बाद संजय राउत ने जवाब दिया।
सपा ने भी कांग्रेस पर बोला हमला
इससे पहले सपा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा था। सपा प्रमुख ने गठबंधन में सीट शेयरिंग में देरी होने पर कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप लगाया। वहीं, बसपा के गठबंधन में शामिल होने की चर्चा पर भी सपा नाराज दिखी थी।