महाराष्ट्र की राजनीति में जारी उठापटक के बीच संजय राउत ने बड़ा बयान देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर विपक्षी दलों के नेताओं को तोड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि Ajit Pawar गुट की एनसीपी के कई विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। जलगांव में मीडिया से बातचीत के दौरान राउत ने कहा कि अजित पवार गुट के करीब 25 विधायक बीजेपी का रुख कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना के कुछ विधायक भी भविष्य में बीजेपी में जा सकते हैं।
राउत के अनुसार, एनसीपी (अजित पवार गुट) के भीतर चल रहे मतभेद संकेत दे रहे हैं कि आने वाले समय में पार्टी में बड़ी टूट हो सकती है। उन्होंने कहा कि पहले ही शिवसेना और एनसीपी में बगावत के बाद दोनों दलों में विभाजन हो चुका है और अब एक बार फिर राजनीतिक अस्थिरता बढ़ती नजर आ रही है।
इस बीच एनसीपी में अंदरूनी विवाद भी सामने आया है। सुनेत्रा पावार ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा कि पार्टी की ओर से पहले भेजे गए पत्रों पर कोई कार्रवाई न की जाए। उन्होंने खुद को पार्टी का प्रमुख बताते हुए अन्य दावों को अमान्य करने की मांग की है। वहीं, प्रफुल पटेल और सुनील तटकरे पर पार्टी पर कब्जा करने की कोशिश के आरोप भी लगाए गए हैं। इन घटनाओं के बीच महाराष्ट्र की राजनीति में आने वाले दिनों में और बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।