नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव काफी रोचक होता जा रहा है। आज नामांकन के अंतिम दिन तक यह कन्फर्म नहीं हो पा रहा है कि 10 जनपथ का आशीर्वाद किसके साथ है। सभी संभावित उम्मीदवार आज पर्चे दाखिल करेंगे।
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत को हाईकमान से मिली दो टूक ने पेंच फंसा दिया है। गहलोत की सीएम पद को लेकर की गई बाड़बंदी उनके लिए घटक सिद्ध हुई और अब सीएम बने रहने के भी लाले पड़ गए हैं।
इस बीच खबर है कि कांग्रेस हाईकमान के एक और वफादार मल्लिकार्जुन खड़गे भी चुनाव मैदान में कूद सकते हैं। वैसे तो अभी तक आधिकारिक रूप से दिग्विजय सिंह और शशि थरूर ही मैदान में नजर आ रहे हैं, लेकिन गुरुवार की रात को आनंद शर्मा, मनीष तिवारी, पृथ्वीराज चह्वान और भूपेंद्र सिंह हुडा जैसे जी-23 नेताओं की बैठक के बाद तीसरे उम्मीदवार की एंट्री से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें
कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ेंगे गहलोत, सीएम पर भी संशय
अयोध्या में लगेगी भगवान राम की सबसे ऊंची प्रतिमा
थरूर-दिग्विजय का नामांकन करना फाइनल
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए शशि थरूर आज शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। दिग्विजय सिंह ने नामांकन पत्र लिया है। उन्होंने कहा कि वे शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होगा और 19 अक्टूबर को परिणाम घोषित किया जाएगा।
खड़गे भी लड़ सकते हैं अध्यक्ष पद का चुनाव
मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे आज सोनिया से मुलाकात करेंगे। मल्लिकार्जुन के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने को लेकर आखिरी फैसला अभी नहीं हुआ है।
खड़गे 8 बार के विधायक, दो बार लोकसभा सांसद एक बार राज्यसभा सांसद रहे हैं। वे सिर्फ 2019 में लोकसभा चुनाव हारे हैं। खड़गे दलित नेता हैं। वे कर्नाटक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।