पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तुर्की एयरलाइंस की एक फ्लाइट की फुल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह फ्लाइट काठमांडू से इस्तांबुल जा रही थी। फ्लाइट नंबर 727 के कैप्टन ने दाहिने इंजन में संभावित आग की आशंका जताते हुए कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया था। जानकारी के मुताबिक, विमान दोपहर 2:49 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। इस फ्लाइट में कुल 236 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित रखा गया है और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, विमान के इंजन में चिंगारी दिखाई देने के बाद एहतियातन आपातकालीन लैंडिंग का फैसला लिया गया। कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि विमान फिलहाल एयरपोर्ट पर ही है और उसका तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है। इंजीनियरिंग टीम इंजन की जांच और मरम्मत में जुटी हुई है, जबकि यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार कराया गया है।
बताया जा रहा है कि काठमांडू से उड़ान भरने के बाद जब विमान कोलकाता के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तभी पायलट को इंजन में चिंगारी नजर आई। इसके तुरंत बाद एटीसी को सूचना दी गई और अनुमति मिलने पर विमान को सुरक्षित कोलकाता में उतार लिया गया। इससे एक दिन पहले मुंबई एयरपोर्ट से भी विमानों से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई थी। यहां एयर इंडिया और इंडिगो की दो फ्लाइट्स के पंखों के किनारे आपस में टकरा गए थे। घटना उस समय हुई जब एयर इंडिया का विमान टैक्सीवे पर टेकऑफ की तैयारी में था और इंडिगो की फ्लाइट लैंड कर रही थी।
एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, 3 फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली फ्लाइट AI2732 टैक्सीवे पर इंतजार के दौरान एक अन्य विमान के संपर्क में आ गई, जिससे उसके पंख के किनारे को नुकसान पहुंचा। दोनों ही विमान एयरबस ए320 थे। घटना के बाद दोनों फ्लाइट्स को जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया था।