नई दिल्ली। पूरे देश में जोशोखरोश के साथ मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के बीच एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी प्रभावित किया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर वीडियो की सराहना भी की है। दरअसल, आजादी के अमृत महोत्सव और मोदी सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान को मप्र के खंडवा के तैराक युवाओं ने अनोखे ढ़ंग से मनाया।
रोज नदी में तैर कर शरीर को फिट रखने का गुर सिखाने वाले खंडवा के इस तैराक आजादी का जश्न मनाने के लिए नदी में तैरते हुए तिरंगा फहराया। इतना ही नहीं तैराकी करते हुए इस दल ने बीच नदी में भारत माता के जयकारे भी लगाए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो खंडवा स्थित नागचुन तालाब और अबना नदी का है। वीडियो में पानी के बीच तिरंगे झंडे को फहराया जा रहा है, साथ ही पानी के अंदर ही तिरंगे को सलामी भी दी जा रही है। ये लोग खंडवा के लहरों के राजा ग्रुप के सदस्य हैं।
यहां देखें वायरल वीडियो
पीएम मोदी बोले- इस जज्बे को प्रणाम
उनके इस प्रयास की सराहना खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर की है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि इस जज्बे को प्रणाम! तिरंगे के प्रति अतुलित सम्मान का यह साहसिक दृश्य भारतीयों के उत्साह और उमंग को दर्शाता है।
इस जज्बे को प्रणाम! तिरंगे के प्रति अतुलित सम्मान का यह साहसिक दृश्य भारतीयों के उत्साह और उमंग को दर्शाता है। #HarGharTiranga https://t.co/j6bzoxsNT7
— Narendra Modi (@narendramodi) August 12, 2022
क्या बोले लहरों के राजा ग्रुप के सदस्य
लहरों के राजा ग्रुप के सदस्य और शिक्षक करण सिंह सिसोदिया ने बताया कि हमने आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर मनाए जाने वाले अमृत महोत्सव को लेकर कुछ अलग करने की कोशिश की थी। हमारी इस कोशिश को प्रधानमंत्री जी ने सराहा है।
सिसोदिया ने कहा हम उन्हें धन्यवाद देते हैं। उनकी इस सराहना से हम सभी बहुत खुश हैं। हर घर तिरंगा अभियान भारत के सभी लोगों को साथ जोड़ने का अभियान है।
ग्रुप के सदस्य अरमिंद्र सिंह सचदेवा ने कहा कि देश को एक सूत्र में बांधने वाले हर घर तिरंगा अभियान के लिए भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का धन्यवाद। हम खुश है कि हमारे इस छोटे से प्रयास की प्रशंसा खुद प्रधानमंत्री ने की है।