चंडीगढ़। आज 10 जून को राज्यसभा की 57 सीटों में से चार राज्यों की 16 सीटों पर मतदान जारी है। 11 राज्यों की 41 सीटों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तीन जून को ही हो चुका है। इसी क्रम में हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए सुबह नौ बजे मतदान शुरू हो गया। आज शाम को ही नतीजा आ जाएगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल, रंजीत चौटाला, कुलदीप बिश्नोई, ज्ञानचंद गुप्ता, आफताब अहमद, भारत भूषण बत्रा, कंवरपाल गुर्जर, घनश्याम अरोड़ा, दीपक मंगला, मोहन लाल बिडोली, कमल गुप्ता और दिग्विजय चौटाला विधानसभा पहुंचे। मतदान के बाद कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उन्होंने अंतरात्मा की आवाज पर ही वोट दिया है।
वहीं सुख विलास होटल से बसों में भाजपा जजपा और निर्दलीय विधायक विधानसभा पहुंचे। डिप्टी सीएम दुष्यन्त चौटाला भी बस में मौजूद हैं। अभी तक कांग्रेस विधायक चंडीगढ़ नहीं पहुंचे हैं।
भाजपा उम्मीदवार कृष्ण लाल पंवार की जीत तय है। जंग कांग्रेस के अजय माकन और निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा के बीच हैं। भीतरघात न होने पर ही माकन जीतेंगे। कार्तिकेय के लिए भी जबरदस्त लॉबिंग हुई है। हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान ने अजय माकन को 35 विधायकों के वोट मिलने का दावा किया है।
माकन की जीत-हार का हरियाणा कांग्रेस की भविष्य की राजनीति पर सीधा असर पड़ेगा। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा की साख इस चुनाव से जुड़ी हुई है। बीजेपी उम्मीदवार कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि अभी तक 10 वोट पोल हुए हैं।