संतों की सीख और आस्था का असर कितना गहरा हो सकता है, इसका एक अनोखा उदाहरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खबर है कि संत प्रेमानंद महाराज की तस्वीर देखकर एक चोर के भीतर इंसानियत जाग गई और उसने चोरी किया हुआ मोबाइल फोन उसके असली मालिक को वापस कर दिया। यह दिल छू लेने वाला किस्सा खुद पीड़ित ने संत प्रेमानंद महाराज के सामने साझा किया। सुनकर संत भी ठहाके लगाकर हंस पड़े।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि संत प्रेमानंद महाराज अपने एकांतिक वार्तालाप के दौरान भक्तों के सवालों का जवाब दे रहे थे। तभी एक भक्त भावुक होकर बताता है कि उसका मोबाइल चोरी हो गया था। मोबाइल की स्क्रीन पर संत प्रेमानंद महाराज की तस्वीर लगी हुई थी। चोर ने जब फोन खोला और स्क्रीन पर महाराज की तस्वीर देखी, तो उसका दिल बदल गया और उसने फोन वापस लौटा दिया। यह सुनकर दरबार में मौजूद लोग मुस्कुरा उठते हैं और संत प्रेमानंद महाराज भी जोर-जोर से हंसते हैं। लोग इस घटना को आस्था, संस्कार और इंसानियत की जीत के रूप में देख रहे हैं।