उरई के चमारी गांव में अपने दादा की याद में आधुनिक माता प्रसाद पुस्तकालय का उद्घाटन होने जा रहा है। पहली बार आठ मार्च को इस अवसर पर एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देश की प्रतिष्ठित हस्तियों में नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी, प्रसिद्ध रामकथा वाचक और कवि कुमार विश्वास, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, और मशहूर शिक्षाविद विकास दिव्यकीर्ति शामिल होंगे।
वरिष्ठ पत्रकार और कार्यक्रम संयोजक सौरभ द्विवेदी ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह पुस्तकालय गांव में शिक्षा की अलख जगाने के लिए उनके दादा की याद में स्थापित किया गया है। पुस्तकालय में शिक्षा और ज्ञान से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी किताबें उपलब्ध रहेंगी। छोटे से गांव में होने जा रहा यह आयोजन अपने आप में ऐतिहासिक महत्व रखता है। वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी के बड़े भाई और इंफोपार्क के चेयरमैन व सह संयोजक **अभय द्विवेदी** ने पुस्तकालय की खूबियों और सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बचपन से ही सौरभ को किताबें पढ़ने का शौक रहा है और उनका वर्षों पुराना सपना अब पूरा हो रहा है। इसके अलावा, बच्चों तक किताबें पहुंचाने के लिए एक मोबाइल लाइब्रेरी ट्रक तैयार किया जाएगा, जो गांव-गांव जाकर 400 से 500 किताबें वितरित करेगा।