पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग गुरुवार सुबह से शांतिपूर्वक जारी है। राज्य की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है, जबकि शेष 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। मतदान को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
पहले चरण में कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर लगी है। महुआ विधानसभा सीट पर जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव चुनाव मैदान में हैं। मतदान से पहले तेज प्रताप यादव ने कहा कि वे इस बार महुआ सीट जीतने के लिए पूरी तरह आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा, “मेरा मुकाबला राजद और एलजेपी के उम्मीदवारों से है, लेकिन जनता इस बार काम करने वाले उम्मीदवार को चुनेगी और फर्जीवाड़ा करने वालों को नकार देगी।”
तेज प्रताप यादव ने महुआ की जनता को भरोसा दिलाया कि इस बार वे निराश नहीं होंगे। उन्होंने कहा, “पिछली बार मैंने महुआ को मेडिकल कॉलेज दिया था, अबकी बार क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का संकल्प लिया है।”
वहीं, अभिनेता और बीजेपी नेता पवन सिंह ने भी वोट डालने के बाद कहा कि उन्होंने “विकास के लिए वोट” किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घरों से बाहर निकलें और बिहार के उज्जवल भविष्य के लिए मतदान करें।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मतदान को लेकर जनता के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार में लोकतंत्र के महापर्व में जनता का अभूतपूर्व जोश यह संकेत दे रहा है कि एनडीए गठबंधन को इस चुनाव में भारी बहुमत मिलने जा रहा है। पीएम मोदी ने बताया कि वे आज अररिया के फारबिसगंज और भागलपुर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।