मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के 227 वार्डों के लिए 15 जनवरी को हुए मतदान की मतगणना जारी है। अब तक आए शुरुआती नतीजों में कई अहम वार्डों के फैसले सामने आ चुके हैं, जिनमें कुछ परिणाम राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा एनसीपी (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री नवाब मलिक के भाई कप्तान मलिक की हार को लेकर है। वार्ड नंबर 165 से चुनाव लड़ रहे कप्तान मलिक को कांग्रेस प्रत्याशी अशरफ आजमी ने पराजित किया। इस हार को एनसीपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि मलिक परिवार मुंबई की राजनीति में लंबे समय से प्रभावशाली रहा है।
इन चुनावों में एक ऐतिहासिक जीत भी दर्ज हुई है। मुंबई में पहली उत्तर भारतीय महिला उम्मीदवार के रूप में रेखा यादव ने जीत हासिल कर नया अध्याय जोड़ा है। उनकी सफलता को उत्तर भारतीय समुदाय की राजनीतिक भागीदारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
अब तक घोषित या सामने आए विजेताओं में कई प्रमुख नाम शामिल हैं:
वार्ड 1: रेखा यादव (BJP)
वार्ड 2: तेजस्वी घोषालकर (शिवसेना – शिंदे गुट)
वार्ड 19: प्रकाश तावड़े (BJP)
वार्ड 20: दीपक तावड़े (BJP)
वार्ड 32: गीता भंडारी (शिवसेना UBT)
वार्ड 36: सिद्धार्थ शर्मा (BJP)
वार्ड 50, गोरेगांव: विक्रम राजपूत (BJP)
वार्ड 51: वर्षा टेंबेलकर (शिवसेना – शिंदे गुट)
वार्ड 60: मेघना काकडे (शिवसेना UBT)
वार्ड 87: कृष्णा पारकर (BJP)
वार्ड 103: हेतल गाला (BJP)
वार्ड 107: नील किरीट सोमैया (BJP)
वार्ड 123: सुनील मोरे (शिवसेना UBT)
वार्ड 124: सकीना शेख (शिवसेना UBT)
वार्ड 135: नवनाथ बन (BJP)
वार्ड 156: अश्विनी मातेकर (शिवसेना – शिंदे गुट)
वार्ड 157: आशा तावड़े (BJP)
वार्ड 163: शैला लांडे (शिवसेना – शिंदे गुट)
वार्ड 165: अशरफ आजमी (कांग्रेस)
वार्ड 182, माहिम: मिलिंद वैद्य (शिवसेना UBT) – लगातार सातवीं जीत
वार्ड 193: हेमांगी वरलीकर (शिवसेना UBT)
वार्ड 204: अनिल कोकिड (शिवसेना – शिंदे गुट)
वार्ड 207: रोहिदास लोखंडे (BJP)
वार्ड 208: रमाकांत रहाटे (शिवसेना UBT)
वार्ड 214: अजय पाटील (BJP)
वार्ड 215: संतोष ढाले (BJP)
अब तक मिले रुझानों के अनुसार, भाजपा पहली बार BMC में बहुमत के बेहद करीब नजर आ रही है। 227 सीटों में से 172 वार्डों के रुझान सामने आ चुके हैं, जिनमें लगभग 108 सीटों पर भाजपा गठबंधन (महायुति) आगे चल रहा है। वहीं उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना करीब 56 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
देश की सबसे समृद्ध नगर पालिका मानी जाने वाली BMC के ये चुनाव मुंबई के भविष्य और विकास योजनाओं को सीधे प्रभावित करेंगे। मतगणना पूरी होने के बाद ही अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।