लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चरखारी क्षेत्र से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बीच शुक्रवार को तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार विधायक करीब 100 ग्राम प्रधानों के साथ जल शक्ति मंत्री से मिलने पहुंचे थे, जहां उन्होंने उनका रास्ता रोक लिया।
विधायक अपनी विधानसभा में पेयजल आपूर्ति बाधित होने, सड़कों की खराब हालत और जल जीवन मिशन के तहत खुदी सड़कों की मरम्मत न होने को लेकर नाराज़ थे। उनका कहना था कि कई गांवों में अब तक घर-घर पानी नहीं पहुंच पाया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस दौरान माहौल उस वक्त और बिगड़ गया जब विधायक के समर्थकों की मंत्री की सुरक्षा में तैनात कर्मियों और पुलिस से तीखी बहस हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई। मौके पर काफी अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को संभालने के लिए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विधायक को साथ लेकर जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां ग्राम प्रधानों और विधायक द्वारा उठाई गई समस्याओं पर लंबी बैठक हुई। विधायक ने कहा कि वह केवल जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर मंत्री से संवाद करना चाहते थे, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और समर्थकों के बीच टकराव से विवाद बढ़ गया।