मुंबई। महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) सहित 29 स्थानीय निकायों के चुनाव परिणाम आज सामने आ रहे हैं। सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू हुई और शुरुआती रुझानों में बीएमसी चुनाव का मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और ठाकरे बंधुओं के दलों के बीच नजर आ रहा है।
मुंबई में एनसीपी नेता नवाब मलिक के भाई कप्तान मलिक को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद रविंद्र वायकर की बेटी दीप्ति वायकर भी जोगेशरी सीट से चुनाव नहीं जीत सकीं। अब तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार, बीएमसी की 195 सीटों पर मिले रुझानों में बीजेपी 88 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) 58 सीटों पर आगे है और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को केवल 9 सीटों पर ही बढ़त मिली है।
ठाकरे बंधुओं ने मिलकर चुनाव लड़ा, लेकिन इसका अपेक्षित लाभ उन्हें नहीं मिला और वे बीजेपी को पीछे छोड़ने में असफल रहे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 21 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 11 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अजित पवार गुट की एनसीपी का बीएमसी में अब तक खाता खुलता नहीं दिख रहा है, जबकि शरद पवार गुट को सिर्फ एक सीट पर बढ़त मिली है।
अन्य नगर निगमों की बात करें तो वहाँ भी बीजेपी का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है। पुणे नगर निगम में बीजेपी और एनसीपी के बीच मुकाबला है, लेकिन रुझानों में बीजेपी स्पष्ट बढ़त के साथ आगे निकलती दिख रही है। यहाँ अजित पवार की एनसीपी को केवल तीन सीटों पर बढ़त मिली है। नागपुर में भी बीजेपी का दबदबा नजर आ रहा है। सबसे पहले कोल्हापुर से नतीजे आए, जहाँ बीजेपी ने चार सीटों पर बढ़त दर्ज की। वसई-विरार क्षेत्र में बहुजन विकास अघाड़ी आगे चल रही है।
अब तक के रुझानों के मुताबिक, बीएमसी में बीजेपी और उसके सहयोगी दल 80 से ज्यादा सीटों पर आगे हैं। कांग्रेस 11 सीटों पर और ठाकरे बंधुओं के दोनों दल मिलकर करीब 67 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। पुणे नगर निगम में भी बीजेपी आगे चल रही है, जबकि संभाजीनगर नगर निगम में AIMIM को पांच सीटों पर बढ़त मिली है।
मतगणना के लिए कुल 23 काउंटिंग रूम बनाए गए हैं। इस पूरी प्रक्रिया की विस्तृत योजना को म्युनिसिपल कमिश्नर और जिला निर्वाचन अधिकारी भूषण गगरानी ने मंजूरी दी है। मतगणना भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार और आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करते हुए की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
बीएमसी आम चुनाव 2025-26 के तहत नगर क्षेत्र में कुल 227 वार्डों के लिए 23 निर्वाचन निर्णय अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक अधिकारी के अंतर्गत एक स्ट्रॉन्ग रूम और निर्धारित मतगणना स्थल बनाए गए हैं। इन सभी स्थानों को लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग से आवश्यक अनुमतियाँ प्राप्त हो चुकी हैं।