दिल्ली शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को बरी कर दिया है। अदालत के इस फैसले के बाद पार्टी नेताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
कोर्ट से बाहर निकलने के बाद अरविंद केजरीवाल भावुक नजर आए। मीडिया से बातचीत के दौरान उनकी आंखों में आंसू थे। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले ने यह साबित कर दिया है कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद थे और वह ईमानदार हैं।
इस फैसले पर अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाए, शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता। सच की हमेशा जीत होती है।”
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने इसे साजिश करार दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि कोर्ट के फैसले से साफ हो गया है कि उनके नेताओं को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी नेताओं को जेल में यातनाएं दी गईं और देश से माफी की मांग की।
वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें अरविंद केजरीवाल अपने परिवार से मिलते नजर आ रहे हैं और पास में मनीष सिसोदिया खड़े दिखाई दे रहे हैं। भारद्वाज ने अपने संदेश में कहा कि एक पूर्व आईआरएस अधिकारी और मुख्यमंत्री रहे व्यक्ति को जेल में रखा जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इसे राजनीतिक द्वेष का परिणाम बताया।